डिंडौरी। जिले में गौवंश तस्करी और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक डिंडौरी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी शहपुरा के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गौवंश परिवहन कर रहे एक वाहन को पकड़कर 11 भैंस पड़े मुक्त कराए।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक केवल सिंह परते के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक LPD 407 वाहन के माध्यम से गौवंश का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम सक्का से मालपुर मेन रोड स्थित ग्राम खम्हरिया के पास घेराबंदी कर वाहन क्रमांक MP 09 GF 1518 को रोका।
तलाशी के दौरान वाहन में 11 नग भैंस पड़े क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरे हुए पाए गए। पुलिस ने तत्काल सभी पशुओं को मुक्त कराते हुए वाहन को जप्त कर लिया। जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के विरुद्ध थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत पशु क्रूरता अधिनियम की विभिन्न धाराओं एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई में अज्जू खान निवासी छतरपुर, मेहमूद खान एवं फिरोज खान निवासी जबलपुर सहित अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस द्वारा सप्लायर और गौवंश मंगवाने वाले आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक केवल सिंह परते, एएसआई श्यामलाल उर्वे, एएसआई अतुल हरदहा, प्रधान आरक्षक खेमराज, आरक्षक अंकित मरावी एवं कमलेश भवेदी की सराहनीय भूमिका रही। जिला पुलिस ने कहा है कि जिले में गौवंश तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




