डिंडौरी। जिले के ग्राम पंचायत पड़रिया कला के भद्दू टोला में गुरुवार की शाम एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने खुशियों से भरे घर को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस आंगन में भाई की बारात निकलने की तैयारियां चल रही थीं, जहां ढोल-नगाड़ों और शहनाइयों की गूंज थी, उसी घर में कुछ देर बाद चीख-पुकार और मातम छा गया। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवती प्रियंका परस्ते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतका प्रियंका परस्ते पिता रघुवर परस्ते अपने भाई की शादी की तैयारियों में जुटी हुई थी। घर में रिश्तेदारों का जमावड़ा था, महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं और परिवार बारात की खुशियों में डूबा हुआ था। तभी अचानक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर लोगों के बीच जा घुसी और देखते ही देखते खुशियों का माहौल दर्दनाक हादसे में बदल गया।
हादसा इतना भयावह था कि प्रियंका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की चीखें सुन हर किसी की आंखें नम हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल 112 वाहन और एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को जिला चिकित्सालय डिंडौरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में प्रियंका के भाई की बारात निकलने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही घर में बेटी की मौत की खबर ने सबको तोड़कर रख दिया। जिस घर से खुशियों के गीत सुनाई दे रहे थे, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।




