भोपाल। राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले 23 हजार ग्राम रोजगार सहायकों के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन को पुलिस प्रशासन ने सशर्त अनुमति प्रदान कर दी है। यह अनुमति कार्यालय पुलिस उपायुक्त, आसूचना एवं सुरक्षा, नगरीय पुलिस भोपाल द्वारा जारी आदेश के तहत दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार कार्यक्रम सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक जंबूरी मैदान, भेल पिपलानी भोपाल में आयोजित होगा। आयोजन की अनुमति ग्राम रोजगार सहायक सुरक्षा संगठन मध्यप्रदेश के अध्यक्ष रविकुमार भट्ट के आवेदन पर प्रदान की गई है।
पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए कई महत्वपूर्ण शर्तें निर्धारित की हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी आयोजकों की होगी तथा पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने होंगे। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में सुप्रीम कोर्ट और मध्यप्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य रहेगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार के अवैध अस्त्र-शस्त्र, शराब, मादक पदार्थ या भड़काऊ सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले नारे, पोस्टर या बैनर लगाने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए तथा आम रास्तों पर टेंट या पंडाल नहीं लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में डीजे के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि आयोजकों द्वारा निर्धारित शर्तों का उल्लंघन किया गया तो अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


