Dindori News : पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए कलेक्टर का बड़ा आदेश, शासकीय वाहनों पर सख्ती…अब बिना अनुमति नहीं चलेगा शासकीय वाहन….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

शासकीय वाहनों के उपयोग पर नए निर्देश जारी, “ईंधन बचाओ-पर्यावरण बचाओ” अभियान चलेगा

डिंडौरी। जिले में पेट्रोल-डीजल की बचत और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने समस्त विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और शासकीय वाहन चालकों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। आदेश में शासकीय वाहनों के उपयोग को लेकर सख्ती बरतते हुए कहा गया है कि वाहन केवल शासकीय कार्यों के लिए ही उपयोग किए जाएं तथा बिना अनुमति अनावश्यक वाहन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

 

जारी निर्देशों के अनुसार एक ही दिशा में जाने वाले अधिकारी वाहन साझा प्रणाली अपनाएंगे। वहीं कम दूरी के कार्यों के लिए पैदल, साइकिल एवं ई-वाहनों को प्राथमिकता देने को कहा गया है। इसके अलावा अधिकाधिक बैठकें और समीक्षा कार्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि ईंधन की खपत कम हो सके।

 

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने शासकीय वाहनों की नियमित सर्विसिंग, टायर प्रेशर जांच और प्रतीक्षा के दौरान वाहन का इंजन बंद रखने के निर्देश दिए हैं, जिससे ईंधन दक्षता बनाए रखी जा सके। साथ ही कार्यालयों में डिजिटल फाइलिंग, ई-ऑफिस और ऑनलाइन संवाद प्रणाली के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया गया है। प्रत्येक कार्यालय में प्रतिमाह ईंधन खपत की समीक्षा भी की जाएगी।

 

जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए “ईंधन बचाओ-पर्यावरण बचाओ” अभियान चलाने, स्कूलों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायतों में ऊर्जा संरक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता संदेश प्रदर्शित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण को जन अभियान के रूप में लेते हुए सभी अधिकारी और कर्मचारी पेट्रोल-डीजल की बचत सुनिश्चित करें, ताकि राष्ट्रीय संसाधनों की सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *