डिंडौरी। जिले की शहपुरा तहसील अंतर्गत ग्राम रयपुरा की प्रतिभाशाली बेटी शुभी मरावी ने अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार, गांव और पूरे डिंडौरी जिले का नाम रोशन किया है। शुभी की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।
ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और महिला चिकित्सकों के अभाव को शुभी ने बचपन से करीब से महसूस किया। इन्हीं परिस्थितियों ने उनके भीतर समाजसेवा की भावना को मजबूत किया और उन्होंने डॉक्टर बनकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। यही लक्ष्य उन्हें लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहा।
अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर शुभी ने वर्ष 2021 में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने विदिशा स्थित मेडिकल कॉलेज में अध्ययन प्रारंभ किया और कठिन परिश्रम के बल पर वर्ष 2026 में एमबीबीएस परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अपना सपना साकार किया।
शुभी की सफलता यह साबित करती है कि स्पष्ट लक्ष्य, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत से किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि आज ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। शुभी की माता श्रीमती रश्मि संध्या मरावी गृहिणी हैं, जबकि उनके पिता जबलपुर में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। शुभी की शिक्षा और सफलता में उनकी माता का मार्गदर्शन एवं परिवार का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। परिवार के समर्थन और शुभी की लगन ने इस प्रेरणादायक सफलता की कहानी को साकार किया ।




