Dindori News : दूरस्थ चांड़ा गांव में कलेक्टर की जनसुनवाई ! पानी, पेंशन, आवास पर फैसले, हेल्थ कैंप में 144 लोगों की जांच…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। जिले के दूरस्थ एवं छत्तीसगढ़ सीमा से सटे बैगाचक क्षेत्र में प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ग्राम पंचायत चांड़ा, विकासखंड बजाग पहुंचीं। यहां पंचायत प्रांगण में जनसुनवाई आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। जनसुनवाई में कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

 

जिला मुख्यालय से दूरी और आवागमन की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर स्वयं क्षेत्र में पहुंचीं, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। कलेक्टर को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और महिलाओं व पुरुषों ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं।

 

 

जनसुनवाई के साथ स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 144 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में एक्स-रे, खून जांच, शुगर, बीपी, गठियावात, बुखार सहित अन्य बीमारियों की जांच कर आवश्यकतानुसार दवाएं वितरित की गईं।

 

 

जनसुनवाई में तांतर, सिलपिड़ी, चांड़ा, सोनतीरथ, ठाड़पथरा, पंडरीपानी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान बिजली, पेंशन, पेयजल, आवास, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, जनमन आवास की अंतिम किस्त, वनग्रामों में पट्टा नामांतरण, बीएसएनएल टॉवर, पशु चिकित्सालय, स्व-सहायता समूह ऋण, दिव्यांग प्रमाण पत्र और स्पॉन्सरशिप योजना से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई।

 

 

ग्राम सिलपिड़ी में पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पीएचई विभाग को दो दिन के भीतर नया हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश दिए। वहीं दादर टोला की सावनी बाई द्वारा पानी की समस्या उठाने पर एक दिन के भीतर हैंडपंप स्थापना और नल-जल योजना से शेष परिवारों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। सावनी बाई गोंडी चित्रकला के लिए जानी जाती हैं और भोपाल में अपनी कला से पहचान बना चुकी हैं।

 

 

सुनिया बाई ने पति के निधन के बाद बच्चों के भरण-पोषण की समस्या रखी, जिस पर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत दोनों बच्चों को 4000-4000 रुपये प्रतिमाह स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

 

 

पशु चिकित्सालय में डॉक्टर की अनुपस्थिति की शिकायत पर कलेक्टर ने संबंधित स्टाफ को तलब कर कड़ी नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि चिकित्सालय रोजाना सुबह 9 बजे संचालित किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों को अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया।

 

 

इस दौरान एसडीएम भारती मेरावी, तहसीलदार भरत सिंह बट्टे, आरईएस कार्यपालन यंत्री ललित कुमार, उप संचालक कृषि संजय जोशी, अभिलाषा चैरसिया, नेहा धूरिया, पीएचई कार्यपालन यंत्री अफजल इमाम उल्ला, बीएमओ डॉ. चन्द्रशेखर उईके, बीआरसी डॉ. ब्रजभान गौतम, मनोज उपाध्याय, एनआरएलएम प्रबंधक अर्पणा पाण्डेय, सचिन अग्रवाल, बीईओ बलवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *