Dindori News : कलेक्टर सख्त ! लापरवाही पर नोटिस, उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान, शिकायतों की अनदेखी पड़ी भारी….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के कड़े निर्देश, विकास कार्यों की समीक्षा

डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

 

बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों द्वारा सीएम हेल्पलाइन अटेंड नहीं की जा रही है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही जिन विभागों में एक ही शिकायत बार-बार दर्ज हो रही है, वहां संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी और नागरिक आपूर्ति निगम को निर्देश दिए कि जिले के 12 उपार्जन केंद्रों में रखे गेहूं का उठाव वर्षा से पहले सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसे उपार्जन केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए गए, जहां अनाज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था हो।

 

आबकारी विभाग को अवैध मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विकासखंड स्तर पर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए 30 जून तक सभी कार्य पूर्ण करने को कहा गया।

 

कलेक्टर ने जल संरक्षण को लेकर सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने-अपने घरों, आंगनवाड़ी, विद्यालयों एवं शासकीय भवनों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही जियो टैग फोटो लेकर कार्यालय में जमा करने को कहा, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

 

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की तिथियां भी घोषित की गईं। 7 मई 2026 को शहपुरा तथा 14 मई 2026 को अमरपुर में कार्यक्रम आयोजित होंगे। पात्र हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सामाजिक न्याय विभाग से संपर्क करने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में पीएम जन-मन आवास, धरती आबा योजना, राजस्व संग्रहण, अवैध खनिज परिवहन, स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए 10 मई तक लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि नरवाई जलाने की शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए और दो दिनों के भीतर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परिवहन विभाग को बिना परमिट चलने वाले वाहनों पर नियमित जांच और चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम बजाग सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी  रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *