— महिला एवं बाल विकास विभाग का आदेश जारी, तीन वर्ष तक रहेगा कार्यकाल
भोपाल। मध्य प्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए श्रीमती साधना स्थापक को मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग का सदस्य नियुक्त किया है। इस संबंध में मंत्रालय, वल्लभ भवन, भोपाल से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
दरअसल जारी आदेश में बताया गया है कि यह नियुक्ति मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग अधिनियम 1995 (क्रमांक 20 सन् 1996) की धारा-3 की उपधारा (2) (ख) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए की गई है। शासन के अनुसार, साधना स्थापक का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि या वर्तमान आयोग के कार्यकाल की समाप्ति तक, जो भी पहले होगा, तक प्रभावी रहेगा।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है और इसे महिला एवं बाल विकास विभाग के उप सचिव द्वारा अधिकृत रूप से जारी किया गया है।
आदेश की प्रतिलिपि राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, संबंधित मंत्री, महालेखाकार, सामान्य प्रशासन विभाग सहित विभिन्न विभागों एवं प्रदेश के समस्त कलेक्टरों को भेजी गई है। साथ ही इसे राजपत्र में प्रकाशन के लिए भी प्रेषित किया गया है।

