मध्यप्रदेश के जबलपुर बरगी जलाशय में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कदम उठाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रूज संचालन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। वहीं होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित किया गया है। इसके अलावा रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं, जिनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। पीड़ित परिवारों का दर्द पूरे प्रदेश ने महसूस किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को न्याय की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, वहीं लोगों में यह उम्मीद भी जगी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।

