— सिटी कोतवाली अंतर्गत ग्राम चटुआ का मामला
डिंडौरी। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चटुआ रैयत में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। फरियादी भुवनेश्वर चंदेल (25) ने थाना डिंडौरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पड़ोस में रहने वाले मदन सिंह चंदेल और उनके पुत्र पंचम सिंह चंदेल ने डंडों से हमला कर उसे और उसके पिता को घायल कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296(b), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। शिकायत मौखिक रूप से दर्ज कराई गई।
दरअसल, फरियादी द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार 2 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे भुवनेश्वर के घर के पीछे स्थित बाड़ी में रखी लकड़ी को आरोपी फेंक रहे थे। इस पर बड़े भाई लक्ष्मण सिंह चंदेल ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि मदन सिंह और पंचम सिंह ने गाली-गलौज करते हुए भुवनेश्वर पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर, कंधे और पीठ में चोट आई और सिर से खून निकलने लगा।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पिता उत्तम सिंह चंदेल को भी आरोपियों ने डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया, जिससे उनकी पसली में चोट आई है। परिजनों ने किसी तरह दोनों को बचाया। जाते-जाते आरोपियों ने दोबारा जमीन पर कब्जा बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित अपने परिजनों के साथ थाना डिंडौरी पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




