Dindori News : घटिया निर्माण पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट, हर घर पानी पहुंचने पर ही होगा भुगतान—अधिकारियों को कड़े निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

 

डिंडौरी। जिला पंचायत सभाकक्ष में सामान्य सभा बैठक का आयोजन रुद्रेश परस्ते की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में 25 मार्च 2026 को आयोजित पिछली सामान्य सभा के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा करते हुए विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें विकसित भारत अभियान, जल गंगा संवर्धन अभियान, म.प्र. पंचायतराज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993-94 के क्रियान्वयन तथा 15वें एवं 5वें वित्त आयोग के कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

 

 

बैठक के दौरान अध्यक्ष परस्ते ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि वर्षा पूर्व सभी पानी की टंकियों एवं जल स्रोतों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हो सके। साथ ही घटिया निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों की पहचान कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने और संपत्ति राजसात करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक शत-प्रतिशत पानी पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा गया कि कार्य पूर्ण होने पर ही ठेकेदारों को भुगतान किया जाए।

 

 

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष अंजु व्यौहार ने गुणवत्ताहीन साइकिल वितरण का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को बिना गुणवत्ता परीक्षण साइकिल वितरण न करने और खराब साइकिल मिलने पर शासन को प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए। साथ ही साइकिल वितरण कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराने को कहा गया।

 

 

बैठक में अनुपस्थित विभाग प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराए जा रहे घटिया निर्माण कार्यों और समय पर कार्य पूरा न होने पर विधायक शहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे ने नाराजगी जताई, जिस पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

 

जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन की सूचना समय पर न मिलने की शिकायत की। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की जानकारी तय होते ही पत्र और दूरभाष के माध्यम से सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए।

 

 

जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति पर जनप्रतिनिधियों ने संतोष व्यक्त किया। विधायक धुर्वे ने निर्देश दिए कि जिले के प्राचीन जल स्रोतों एवं तालाबों का चिन्हांकन कर आगामी 15 दिनों में गहरीकरण, जीर्णोद्धार और साफ-सफाई का कार्य जनभागीदारी से कराया जाए।

 

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही विधायक डिंडौरी ओमकार मरकाम, उपाध्यक्ष अंजु जितेन्द्र व्यौहार, जिला पंचायत सदस्य हीरा रुद्रेश परस्ते, वीरेन्द्र बब्लू परस्ते, शकुन कुशराम, प्रीतम सिंह मरावी, हेमवती राजपूत, अमरपुर अध्यक्ष हन्नु सिंह पट्टा और करंजिया अध्यक्ष राजू उद्दे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *