डिंडौरी। जिला मुख्यालय में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब बारात के बीच अचानक दूल्हे की कथित प्रेमिका पहुंच गई। घटना जलाराम पेट्रोल पंप के सामने की बताई जा रही है, जहां भेंसवाही से आई बारात में यह विवाद खड़ा हुआ।
जानकारी के अनुसार, दूल्हा मनीष की शादी की रस्में चल रही थीं, तभी उसकी प्रेमिका मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगी। उसने दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साए लोगों ने दूल्हे और उसकी प्रेमिका दोनों की जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान शादी स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बारातियों और घरातियों के बीच हड़कंप मच गया, जिससे समारोह कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।




