डिंडौरी। जिले के अमरपुर विकासखंड स्थित शासकीय महाविद्यालय में एक गंभीर विवाद सामने आया है। छात्र संगठन ने चौकी प्रभारी अमरपुर को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि प्राचार्य कक्ष से जबरन सामान हटाकर वहां ताला लगा दिया गया।
— ये रहा पूरा मामला
आवेदन के अनुसार, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं लंबे समय से नए कॉलेज भवन में स्थानांतरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। बताया गया कि नए कॉलेज का हैंडओवर न मिलने के कारण स्थानांतरण संभव नहीं हो सका। इसी सिलसिले में छात्र-छात्राएं जानकारी लेने नए कॉलेज पहुंचे थे, जिसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए।
छात्रों का आरोप है कि इसके बाद अतिथि विज्ञान शिक्षक जयदीप दुबे के माध्यम से लक्ष्मण परमार, गोकुल ठाकुर और तारेन्द्र ठाकुर ने पुराने कॉलेज पहुंचकर पूरे स्टाफ को प्राचार्य कक्ष से बाहर निकाल दिया। साथ ही प्राचार्य कक्ष से सामान हटाकर बिना किसी सूचना के उस पर ताला जड़ दिया गया।
छात्र संगठन ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए जांच की मांग की है। साथ ही संबंधित लोगों से प्राचार्य से माफी मंगवाने और उन्हें पुनः कक्ष में बैठाने की मांग की गई है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि आरोपित व्यक्ति महाविद्यालय के छात्र नहीं हैं, ऐसे में उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो इससे महाविद्यालय में असंतोष और भेदभाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
