
— लाखों तिराहे पर हुआ हादसा, राहगीरों ने दिखाई मानवता, घायलों को पहुंचाया जिला अस्पताल; गंभीर घायल जबलपुर रेफर
डिंडौरी। डिंडौरी-समनापुर मार्ग पर लाखों तिराहे के पास दो इलेक्ट्रिक ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ऑटो में सवार कुल चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना में एक चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों इलेक्ट्रिक ऑटो में दो-दो लोग सवार थे। लाखों तिराहे के पास दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ऑटो क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायलों की मदद की। लोगों ने बिना देर किए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल चालक की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया। सड़क हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
