
लाठियों की खनक और मोरपंखी पगड़ियों में कलाकारों ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा, बुजुर्ग कलाकारों का सम्मान कर युवाओं ने लिया परंपरा बचाने का संकल्प
डिंडौरी। ढोल की गूंज, लाठियों की खनक और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच पारंपरिक अहीर नृत्य ने ऐसा समां बांधा कि पूरा गांव उत्साह से झूम उठा। कलाकारों के कदमों की थिरकन और पारंपरिक धुनों ने लोगों को लोक संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया। मौका था पारंपरिक अहीर नृत्य महोत्सव का, जहां डिंडौरी अंचल के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से भगवान श्रीकृष्ण के ग्वाल जीवन की यादें ताजा कर दीं।
भारतीय किसान संघ और स्थानीय यादव समाज के प्रयासों से आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भागीदारी की। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने हाथों में लाठी लेकर सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। सफेद कुर्ता, रंग-बिरंगी धोती, मोरपंख लगी पगड़ी, कमर में घुंघरू और गले में कौड़ियों की माला पहने कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे।
ढोल, नगाड़ा, टिमकी, मंजीरा और बांसुरी की धुन पर शुरू हुआ नृत्य जैसे-जैसे आगे बढ़ा, कलाकारों का उत्साह भी बढ़ता गया। गोल घेरा बनाकर लाठियों को हवा में घुमाने और एक-दूसरे की लाठियों से ताल मिलाने के रोमांचक अंदाज ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बीच-बीच में बिरहा, आल्हा और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े पारंपरिक गीतों ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी।
सिर्फ नृत्य नहीं, पूर्वजों की विरासत है अहीर नाच
अहीर नृत्य को समाज की पहचान और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत बताते हुए वरिष्ठ लोक कलाकारों ने कहा कि इस परंपरा को बचाने की जिम्मेदारी अब युवाओं के कंधों पर है। डिंडौरी, मंडला और बालाघाट अंचल में अहीर नाच, दहकी और ग्वाल नृत्य के रूप में प्रचलित यह लोककला भगवान श्रीकृष्ण के ग्वाल जीवन और ग्रामीण संस्कृति से जुड़ी हुई है।
बुजुर्ग कलाकारों का सम्मान, नई पीढ़ी को सौंपेंगे विरासत
महोत्सव में वरिष्ठ अहीर नृत्य कलाकारों को पगड़ी और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बुजुर्ग कलाकार भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि यह नृत्य उन्होंने अपने पिता और दादा से सीखा था। आज जब उनके पोते और नई पीढ़ी के युवा इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं, तो इससे बड़ी खुशी कुछ नहीं हो सकती।
बिहारी लाल साहू बोले- संस्कृति बचेगी तो पहचान भी बचेगी
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष एवं जैविक कृषि विशेषज्ञ बिहारी लाल साहू ने कहा कि अहीर नृत्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज के संस्कार और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। युवाओं को इस लोककला से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे अपनी परंपराओं को समझें और सामाजिक बुराइयों से दूर रहें।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ का प्रयास है कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में अहीर नृत्य प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं और स्कूलों में भी बच्चों को इस पारंपरिक कला से जोड़ा जाए। जिस तरह जैविक खेती से धरती को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, उसी तरह लोककलाओं को बचाना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
अब जिला स्तरीय महोत्सव की मांग
आयोजन में शामिल ग्रामीणों और कलाकारों ने डिंडौरी में जिला स्तरीय अहीर नृत्य महोत्सव आयोजित कराने की मांग उठाई। साथ ही मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग से अहीर नृत्य को राज्य की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में पहचान और संरक्षण देने की अपील की। देर रात तक चले इस महोत्सव ने एक बार फिर साबित किया कि लोक संस्कृति की जड़ें आज भी गांवों में मजबूत हैं। जरूरत है तो बस इन्हें सहेजने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की।


