Dindori News : ग्राम पंचायत विकास योजना को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू, ग्रामीणों की सहभागिता पर जोर….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। “सबकी योजना, सबका विकास” अभियान के अंतर्गत वर्ष 2027-28 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) तैयार करने को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का पहला बैच 8 अक्टूबर को जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भानपुर में आयोजित हुआ।

 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अमरपुर के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पंचगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विभागीय कर्मचारी एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। कार्यशाला के दौरान मास्टर ट्रेनर सहिलाल कुलशते (PCO), गोरेलाल कुशराम (PCO) एवं सुश्री भारती श्याम (DEO, RGSA, जनपद पंचायत अमरपुर) द्वारा TMP पोर्टल के लिए पंजीयन की कार्यवाही भी की गई।

 

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स ने ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इसमें पंचायत क्षेत्र की वर्तमान समस्याओं एवं आवश्यकताओं की पहचान, उपलब्ध संसाधनों का आकलन, ग्रामीणों की प्राथमिकताओं का निर्धारण तथा विभिन्न विकास कार्यों को GPDP में शामिल करने की प्रक्रिया समझाई गई।

 

कार्यशाला में ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने, विभिन्न विभागों की योजनाओं का अभिसरण करते हुए विकास कार्यों का चयन करने तथा प्राथमिकता के आधार पर कार्यों का निर्धारण करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही महिला, बालक, वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं कमजोर वर्गों की आवश्यकताओं को योजना में प्राथमिकता देने की जानकारी दी गई।

 

प्रशिक्षण में जल संरक्षण, स्वच्छता, सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की पहचान और उन्हें ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल करने की प्रक्रिया भी बताई गई। योजना पर ग्राम सभा में चर्चा और अनुमोदन के साथ पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

इस दौरान प्रतिभागियों ने ग्राम पंचायत क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा की तथा प्राथमिकता वाले कार्यों को चिन्हित किया। संबंधितों को निर्देशित किया गया कि GPDP तैयार करते समय अधिक से अधिक ग्रामीणों के सुझाव लिए जाएं और ग्राम सभा में सामने आने वाली आवश्यकताओं को योजना में शामिल किया जाए।

 

कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों को “सबकी योजना, सबका विकास” अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप प्रभावी ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने तथा उसके क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *