मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत शिवशक्ति चौक चौगान, ग्राम करौंदी स्थित प्राचीन देवी मढ़िया परिसर में नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का सोमवार को विधि-विधानपूर्वक पूर्णाहुति हुई। कथा वाचन पौराणिक पंडित शुकदेव द्विवेदी शास्त्री (धनुआसागर) द्वारा किया गया। उन्होंने लगातार नौ दिनों तक देवी की महिमा और विभिन्न चरित्रों का विस्तार से वर्णन कर श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
सप्तमी, अष्टमी और महानवमी पर ओमकारा दल द्वारा आयोजित भव्य महाआरती मुख्य आकर्षण रही। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दीप प्रज्वलित कर आरती में भाग लिया और जयकारों से पूरा चौक गुंजायमान हो उठा। समापन अवसर पर समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। अष्टमी को गरबा-डांडिया का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। ग्राम की बेटियों ने पारंपरिक परिधानों में गरबा की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे देखकर पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
बेटियों की प्रस्तुति से प्रसन्न होकर पंडित शुकदेव द्विवेदी शास्त्री सहित ग्रामीणों ने प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया। नवरात्र पर्व के दौरान मां दुर्गा की भव्य झांकी सजाई गई, महाआरती संपन्न हुई और प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धालुओं ने ग्राम की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
