Dindori News : अपर नर्मदा परियोजना को हरी झंडी या विरोध? परसवाह की 43.713 हेक्टेयर भूमि पर ग्राम सभा का फैसला अहम….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी/बजाग। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत प्रस्तावित अपर नर्मदा परियोजना के बाँध निर्माण कार्य को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। परियोजना हेतु ग्राम पंचायत परसवाह, तहसील बजाग, जिला डिंडौरी की शासकीय भूमि के आवंटन एवं हस्तांतरण के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बजाग द्वारा ग्राम पंचायत को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार ग्राम परसवाह, पटवारी हल्का क्रमांक 200, राजस्व निरीक्षक मंडल गाड़ासरई अंतर्गत स्थित शासकीय भूमि के विभिन्न खसरा नंबरों को अपर नर्मदा परियोजना के बाँध निर्माण हेतु नर्मदा विकास संभाग-1, डिंडौरी के पक्ष में आवंटित किया जाना प्रस्तावित है। उक्त भूमि का कुल रकबा 47.400 हेक्टेयर है, जिसमें से 43.713 हेक्टेयर भूमि परियोजना से प्रभावित बताई गई है।

प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि संबंधित भूमि आवंटन एवं हस्तांतरण के लिए कलेक्टर न्यायालय, डिंडौरी में विधिवत आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभा का प्रस्ताव अनिवार्य है।

इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बजाग ने ग्राम पंचायत परसवाह के सरपंच एवं सचिव को निर्देशित किया है कि वे शीघ्र ग्राम सभा की बैठक आयोजित कर भूमि आवंटन एवं हस्तांतरण के संबंध में स्पष्ट अभिमत सहित प्रस्ताव पारित करें तथा उक्त प्रस्ताव को 30 जनवरी 2026 से पूर्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

अधिकारियों के अनुसार, समय सीमा में ग्राम सभा प्रस्ताव प्राप्त होने के पश्चात ही भूमि हस्तांतरण की वैधानिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। अपर नर्मदा परियोजना को क्षेत्रीय जल संसाधन विकास एवं सिंचाई विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, ऐसे में प्रशासन ग्राम पंचायत स्तर पर सहमति की प्रक्रिया को प्राथमिकता दे रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *