डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया गया। इस दौरान कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मेंहदवानी क्षेत्र के सुदामा प्रसाद साहू और रामचरन साहू ने मेंहदवानी-चकदेही मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया में अनियमितता और डायवर्सन रोड के मुआवजे का भुगतान न होने की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी द्वारा डीपीआर में बदलाव कर कार्य किया जा रहा है, जिससे पुलिया निर्माण अधूरा है और आमजन को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
वहीं, समनापुर निवासी भागरती बाई बघेल ने अपने पति, जो जल संसाधन विभाग में पदस्थ हैं, द्वारा भरण-पोषण राशि न देने की शिकायत दर्ज कराते हुए वेतन का आधा हिस्सा अपने खाते में दिलाने की मांग की। ग्राम बरछा के अंशुमन उद्दे ने चार पहिया वाहन के लिए परमिट जारी न होने की समस्या बताते हुए आरटीओ कार्यालय पर बार-बार परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वाहन खड़ा रहने से परिवार के भरण-पोषण में कठिनाई हो रही है।
इसके अलावा शहपुरा-बटौंधा मार्ग पर बस और टैक्सी में अधिक किराया वसूले जाने को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की और निर्धारित दर लागू कराने की मांग की। ग्राम सिंगपुर निवासी सोमकुमार ने राशन कार्ड न बनने की समस्या उठाते हुए संबंधित विभाग पर सर्वर का हवाला देकर टालमटोल करने का आरोप लगाया।
कलेक्टर ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम भारती मेरावी और डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।




