BIG ACTION : डिंडौरी में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर बड़ी कार्रवाई ! 7 सिलेंडर जब्त, प्रकरण दर्ज…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, होटल और कंपनियों में घरेलू गैस के अवैध उपयोग का खुलासा

 

डिंडौरी । जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देशानुसार खाद्य विभाग और राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर कुल 7 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

दरअसल विभाग के द्वारा पहली कार्रवाई में सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम खान और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नितिन जायसवाल ने मंडला बस स्टैंड स्थित नीलकंठ होटल से 2 और मनीषा होटल से 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया। जांच में पाया गया कि इन सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था। मौके पर ही सिलेंडरों को जब्त कर डिंडौरी इंडेन गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया और द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं वितरण विनियमन आदेश 2000 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

 

 

वहीं दूसरी कार्रवाई एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा के निर्देश पर मेंहदवानी विकासखंड में की गई। सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मिलकर जायका बिरयानी सेंटर, समीर होटल और मनोहर चाय सेंटर पर छापा मारकर एक-एक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया। इनका भी उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था। इसके अलावा ग्राम पंचायत मटियारी में एक सड़क निर्माण कंपनी के अस्थायी शिविर में छापामार कार्रवाई के दौरान उज्ज्वला योजना के तहत प्रदाय किया गया एक घरेलू गैस सिलेंडर दुरुपयोग करते हुए पाया गया, जिसे मौके से जब्त कर लिया गया।

 

 

 

पूरी कार्रवाई में कुल 4 सिलेंडर मेंहदवानी क्षेत्र से और 3 सिलेंडर डिंडोरी शहर से जब्त किए गए। सभी मामलों में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के उल्लंघन पर संबंधित होटल संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग से पटवारी सतीश बरकड़े, तोऐश भारद्वाज और हेमराज मावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *