डिंडौरी। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के घोषित परीक्षा परिणामों में सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डिंडोरी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यार्थियों ने शानदार अंक अर्जित कर न केवल विद्यालय बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों और पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
कक्षा 12वीं में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कला संकाय के छात्र दीपक कुमार गौतम ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं शिवानी परस्ते ने 87.8 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गणित संकाय से रुद्र प्रताप झरिया ने 88.60 प्रतिशत, विज्ञान संकाय से भारती पाराशर ने 87 प्रतिशत एवं कृषि संकाय से श्रुति चंदेल ने 86.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कुल 108 विद्यार्थियों में से 94 ने प्रथम श्रेणी और 14 ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की।
वहीं कक्षा 10वीं में भी विद्यालय का परिणाम 96 प्रतिशत रहा। छात्रा गंगा गौतम ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आराधना चंदेल ने 92 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10वीं में कुल 107 विद्यार्थियों में से 77 ने प्रथम श्रेणी, 23 ने द्वितीय श्रेणी और 3 ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की।
इस उत्कृष्ट परिणाम पर विद्यालय के प्राचार्य जे.एस. मरकाम एवं प्रधानाध्यापक एस.एस. उद्दे ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। इस उपलब्धि में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।सफलता के इस अवसर पर विद्यालय में खुशी का माहौल रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
