डिंडौरी। मध्यप्रदेश पुलिस के प्रदेश स्तरीय अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत डिंडौरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब 3 वर्ष पहले गुम हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से सकुशल दस्तयाब कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली डिंडौरी में दर्ज अपराध क्रमांक 87/2023, धारा 363 भादवि के तहत दर्ज गुमशुदगी प्रकरण में पुलिस लगातार प्रयासरत थी। सुनियोजित रणनीति और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने बालिका का सुराग लगाते हुए उसे भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के राजबाग थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद किया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा के पर्यवेक्षण एवं एसडीओपी सतीश द्विवेदी के निर्देशन में संपन्न हुई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस चुनौतीपूर्ण मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला लंबे समय से लंबित था, जिसे सुलझाना एक बड़ी चुनौती थी। बालिका की सकुशल बरामदगी से परिजनों में खुशी का माहौल है। इस सराहनीय कार्यवाही में निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे, सहायक उप निरीक्षक मुकेश बैरागी, सहायक उप निरीक्षक शेख सिराज, आरक्षक विनोद माहौर, प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान एवं आरक्षक जगदीश की विशेष भूमिका रही।
डिंडौरी पुलिस द्वारा “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की लगातार तलाश कर उन्हें उनके परिवारों से मिलाने का कार्य जारी है, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो रहा है।
