भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित हायर सेकेण्डरी (कक्षा 12वीं) परीक्षा 2026 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। इस वर्ष का परीक्षा परिणाम पिछले 18 वर्षों में सबसे उत्कृष्ट रहा है, जिसमें छात्राओं ने एक बार फिर छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है।
मंडल द्वारा आयोजित परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक प्रदेश के 3636 परीक्षा केन्द्रों पर संपन्न हुई थी। परीक्षा में कुल 6,89,746 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 6,13,634 नियमित एवं 76,112 स्वाध्यायी विद्यार्थी थे।
जारी परिणाम के अनुसार नियमित परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 76.01 रहा, जबकि स्वाध्यायी परीक्षार्थियों का परिणाम 30.60 प्रतिशत दर्ज किया गया। छात्राओं का पास प्रतिशत 79.41 रहा, जो छात्रों के 72.39 प्रतिशत से अधिक है।
सरकारी स्कूलों का बेहतर प्रदर्शन
इस वर्ष शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 80.43 प्रतिशत रहा, जबकि अशासकीय विद्यालयों का परिणाम 69.67 प्रतिशत दर्ज किया गया। इससे स्पष्ट है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
मेरिट में बेटियों का परचम
प्रावीण्य सूची में कुल 221 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है, जिनमें 158 छात्राएं और 63 छात्र शामिल हैं। वाणिज्य संकाय में भोपाल की कु. खुशी राय एवं कु. चांदनी विश्वकर्मा ने 500 में से 494 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया।
जिलों में झाबुआ अव्वल
जिलेवार परिणाम में झाबुआ 93.23 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान पर रहा, जबकि अनूपपुर 93.04 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
अब नहीं होगी पूरक परीक्षा
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत इस वर्ष से पूरक परीक्षा समाप्त कर दी गई है। इसके स्थान पर “द्वितीय अवसर परीक्षा” आयोजित की जाएगी, जिसमें अनुत्तीर्ण, अनुपस्थित या अंक सुधार चाहने वाले विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। यह परीक्षा 7 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित होगी।
अन्य प्रमुख तथ्य
इस वर्ष कुल 1,99,599 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। परीक्षा के दौरान 71 नकल प्रकरण भी सामने आए। खास बात यह रही कि इस बार किसी भी छात्र का परिणाम पूरक घोषित नहीं किया गया।
काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन
मंडल ने विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन सुविधा भी शुरू की है। छात्र टोल फ्री नंबर 18002330175 पर संपर्क कर शैक्षणिक एवं मानसिक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
ऑनलाइन ऐसे देखें रिजल्ट
बोर्ड ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर परिणाम उपलब्ध कराया है। छात्र MPBSE MPOnline Portal (mpbse.mponline.gov.in) और DigiLocker सहित अन्य पोर्टल्स पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
