— हितग्राही ने कलेक्टर से की जांच की मांग, मेंहदवानी परियोजना पर उठे सवाल
डिंडौरी। जिले के मेंहदवानी विकासखंड में संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्राम मेंहदवानी निवासी रजनी प्रजापति ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर योजना में अवैध वसूली, वित्तीय गड़बड़ी और शासकीय आईडी के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं।
दरअसल पीड़ित के द्वारा की गई शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि आवेदिका जब योजना का फॉर्म भरवाने परियोजना कार्यालय पहुंची, तो वहां पदस्थ सुपरवाइजर द्वारा 100 रुपये की मांग की गई। जबकि यह योजना पूरी तरह नि: शुल्क है। ऐसे में हितग्राहियों से पैसे लिए जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आवेदिका ने अपने आवेदन में बताया कि मेंहदवानी ब्लॉक में करीब 231 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं। यदि प्रत्येक केंद्र से औसतन दो फॉर्म भरे जाएं, तो कुल 462 फॉर्म बनते हैं, जिससे लगभग 46,200 रुपये की अवैध वसूली का अनुमान है। उन्होंने इस राशि की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की शासकीय आईडी निजी दुकानदारों को दी गई है, जिनसे डेटा फीडिंग कराई जा रही है। यह नियमों के विरुद्ध होने के साथ-साथ सरकारी गोपनीयता का उल्लंघन भी माना जा रहा है।
आवेदिका ने यह भी कहा है कि यदि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ऑनलाइन प्रक्रिया में सक्षम नहीं हैं, तो इसका आर्थिक बोझ हितग्राहियों पर डालना उचित नहीं है। उन्होंने अक्षम कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई कर योग्य कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की है।
शिकायत में संबंधित सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं निजी दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही 30 दिवस के भीतर की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। मामले में अब जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।




