DINDORI NEWS : सामान्य सभा में बड़ा फैसला ! सड़कों की मरम्मत, नहर सुधार और 5 साल गारंटी वाली सड़कों की तुरंत मरम्मत के आदेश….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

1 अप्रैल को प्रवेश उत्सव के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान, जनप्रतिनिधियों को सक्रिय भागीदारी के निर्देश

डिंडौरी। जिला पंचायत सभाकक्ष में सामान्य सभा की बैठक का आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में 26 दिसंबर 2025 को आयोजित पूर्व सामान्य सभा के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, जल संसाधन विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग तथा 15वें एवं 5वें वित्त आयोग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

 

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी नरेगा प्रदीप कुमार शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 अप्रैल 2026 को जिले के सभी विद्यालयों में प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के तहत रैली, प्रभात फेरी, रंगोली, चित्रकला, वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने सभी जनप्रतिनिधियों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

 

 

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष ने महाप्रबंधक को निर्देशित किया कि सभी कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। साथ ही 5 वर्ष की गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत जनप्रतिनिधियों से जानकारी लेकर शीघ्र कराई जाए और सड़कों के किनारों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जनप्रतिनिधियों को स्वीकृत एवं प्रस्तावित सड़कों के साथ सुधार कार्यों पर हुए खर्च की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

 

 

जल संसाधन विभाग की समीक्षा में अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, क्षतिग्रस्त नहरों की सफाई एवं मरम्मत कराने तथा मनरेगा के अंतर्गत लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। 15वें एवं 5वें वित्त आयोग की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों को उनके आवंटन एवं स्वीकृत राशि की जानकारी देते हुए कहा कि स्वीकृत कार्यों का क्षेत्र में लेआउट कराकर विधिवत शुभारंभ किया जाए।

 

 

बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं जिला पंचायत सदस्य डॉ. सीएस भवेदी, उपाध्यक्ष अंजु जितेंद्र ब्यौहार, सदस्य हीरा परस्ते, वीरेन्द्र बब्लू परस्ते, शकुन कुशराम, प्रीतम सिंह मरावी, हेमवती राजपूत, रेखा आर्मी सहित विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *