डिंडौरी। जिले में पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई में लापरवाही बरतने वाले सचिव पर जिला पंचायत प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत कुकर्रामठ, जनपद पंचायत समनापुर के सचिव को कर्तव्य में लापरवाही और अनुपस्थित रहने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2025 से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की जा रही है, जिसमें सचिव, ग्राम रोजगार सहायक और पटवारी की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। इसी क्रम में 27 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत कुकर्रामठ में आयोजित जनसुनवाई में सचिव अनुपस्थित पाए गए, जबकि ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मौके पर केवल ग्राम रोजगार सहायक ही उपस्थित था, जिससे ग्रामीणों के कार्य प्रभावित हुए और उन्हें भटकना पड़ा।
ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिसके बाद संबंधित सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस में जवाब मांगा गया था। हालांकि निर्धारित समयावधि में कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। जिला पंचायत के अनुसार, यह कृत्य अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और म.प्र. पंचायत सेवा आचरण नियम 1998 का उल्लंघन है। इसी आधार पर म.प्र. पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए सचिव को निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में संबंधित का मुख्यालय जनपद पंचायत समनापुर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही, पंचायत के कार्यों के संचालन के लिए अन्य सचिव की व्यवस्था करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।




