डिंडौरी। जिले के ग्राम सिमरिया निवासी एक स्थानीय व्यवसायी ने ग्राम पंचायत में किए गए कार्य का भुगतान लंबित होने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। आवेदक राममनोज ठाकुर ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने समनापुर तिराहा स्थित अपने प्रतिष्ठान माँ नर्मदा कृपा वेल्डिंग वर्क एवं मटेरियल सप्लायर के माध्यम से ग्राम पंचायत गीधा में लगभग 1.85 लाख रुपये का सेग्रीगेशन कार्य 18 अप्रैल 2022 को किया था।
आवेदक के अनुसार कार्य पूर्ण होने के बावजूद आज तक भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार मांग करने पर पंचायत के सरपंच और सचिव द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इतना ही नहीं, फरवरी 2026 तक भुगतान करने का लिखित आश्वासन स्टांप पेपर पर दिया गया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी राशि का भुगतान नहीं किया गया।
राममनोज ठाकुर ने यह भी बताया कि उन्होंने इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन वहां भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उल्टा पंचायत के जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। आवेदक ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र लंबित भुगतान दिलाया जाए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।




