डिंडौरी। राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा के घोषित परिणामों में शासकीय सांदीपनि विद्यालय नरिया के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अक्टूबर 2025 में आयोजित इस परीक्षा में विद्यालय के चार छात्र-छात्राओं का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में खेमराज धुर्वे, जीवेन्द्र उइके, मयंक महदेल और मोनिका धुर्वे शामिल हैं। इन विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
— कक्षा 9वीं से 12वीं तक मिलेगी छात्रवृत्ति
NMMS परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को शासन की ओर से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई के लिए प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह आर्थिक सहायता विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा, शैक्षणिक सामग्री और अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक सिद्ध होगी।
इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेन्द्र कुमार जाटव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, जिला परियोजना समन्वयक श्रीमती श्वेता अग्रवाल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सतीश धुर्वे तथा विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री अरुण चौबे ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्राचार्य श्री बंशबहोर द्विवेदी ने इसे विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताया। वहीं प्रधानाध्यापक प्रवीण सोनकिया ने कहा कि यह सफलता शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। इस उपलब्धि पर मूलचंद मरावी, अरुण यादव, श्रीमती सुचेता झारिया, ज्योति परस्ते सहित विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
