डिंडौरी। कलेक्टर के निर्देशानुसार 15 मार्च 2026 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गेहूं उपार्जन केंद्रों के लिए पीसीएसएपी (PCSAP) पोर्टल – Procurement Center through Self-Assessment Portal के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का बेहतर मूल्यांकन, पारदर्शिता और कार्यकुशलता सुनिश्चित करना रहा।
जिला आपूर्ति अधिकारी के.पी.एस. मरावी ने बताया कि PCSAP एक ऑनलाइन पोर्टल है, जिसका उपयोग खाद्य निगम (FCI) एवं संबंधित विभागों द्वारा अनाज खरीदी केंद्रों के मूल्यांकन के लिए किया जाता है। इस पोर्टल के माध्यम से खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का आकलन कर पारदर्शी, कुशल और किसान-हितैषी खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। साथ ही यह पोर्टल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर होने वाली अनाज खरीदी के दौरान केंद्रों की स्थिति और संचालन की निगरानी में भी सहायक है।
प्रशिक्षण के दौरान जिला खाद्य विभाग के जिला ऑपरेटर अजय दुबे ने समिति प्रबंधकों और खरीदी केंद्रों के ऑपरेटरों को पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि पोर्टल में खरीदी केंद्रों की मूलभूत एवं भौतिक व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी लेवल-4 तक दर्ज की जाती है।
पोर्टल में करीब 16 प्रकार की प्रश्नावली शामिल हैं, जिनमें खरीदी केंद्र की सुविधाएं, किसानों के लिए प्रतीक्षालय, अनाज उतारने की व्यवस्था, तौल प्रणाली, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, इंटरनेट सुविधा, खरीदी के बाद राज्य पोर्टल (एसएफपीपी) में जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था, डनेज सामग्री, सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था, अनाज की गुणवत्ता जांच और सफाई से संबंधित उपकरणों का विवरण शामिल है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला आपूर्ति अधिकारी के.पी.एस. मरावी, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जे.पी. दुबेदी, सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम खान, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश तुरकर, नापतौल विभाग से जेठू मरावी, जिला खाद्य ऑपरेटर अजय दुबे, जनपद समनापुर के ऑपरेटर रामेश्वर माण्डवे, जनपद शहपुरा के ऑपरेटर प्रहलाद साहू, पीएमसी सेल के ऑपरेटर शुभम तिवारी सहित जिले के समिति प्रबंधक और गेहूं उपार्जन केंद्रों के ऑपरेटर उपस्थित रहे।




