Panchayat secretary suspend : 1.70 लाख की अनियमितता का मामला, डिंडौरी में पंचायत सचिव पर गिरी सस्पेंड की गाज….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

1.70 लाख की गड़बड़ी, बैठकों से गायब रहने वाले पंचायत सचिव पर जिला पंचायत की कार्रवाई

 

डिंडौरी। जिले की जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भाजीटोला के सचिव मंजू लाल उद्दे को कर्तव्य में लापरवाही, बैठकों से अनुपस्थिति और वित्तीय अनियमितता के आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत डिंडौरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा की गई है।

 

जारी आदेश के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत समनापुर ने पत्र के माध्यम से जानकारी दी थी कि ग्राम पंचायत भाजीटोला के सचिव मंजू लाल उद्दे नियमित रूप से जनपद स्तर पर आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठकों में उपस्थित नहीं हो रहे थे। इसके कारण ग्राम पंचायत में शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा प्रभावित हो रही थी। दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने पर भी सचिव द्वारा कॉल रिसीव नहीं किए जाने की बात सामने आई, जिसे पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही माना गया।

 

जांच में यह भी सामने आया कि 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित नल-जल योजना के कार्यों में अनियमितता कर लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये की राशि के दुरुपयोग का मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में विहित प्राधिकारी (पंचायत) जिला पंचायत डिंडौरी में प्रकरण दर्ज कर 85 हजार रुपये की वसूली का आदेश भी 11 फरवरी 2026 को पारित किया गया था।

 

इसके अलावा सचिव के ग्राम पंचायत कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहने के कारण ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा था। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में शिकायतें दर्ज कराई थीं। ग्राम पंचायत भाजीटोला में 50 दिनों से अधिक समय से 7 शिकायतें लंबित पाई गईं, जबकि जनवरी 2026 की 3 शिकायतें भी लंबित रहीं। इस मामले में पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन सचिव द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। जिसके बाद म.प्र. पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए सचिव मंजू लाल उद्दे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

 

 

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत समनापुर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायत भाजीटोला में प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए ग्राम रोजगार सहायक घनश्याम सिंह राजपूत को अपने नियमित दायित्वों के साथ-साथ सचिव का अतिरिक्त प्रभार अगले आदेश तक सौंपा गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *