— पीएम किसान की 22वीं किस्त का इंतजार खत्म, डिंडौरी के 1.30 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
डिंडौरी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के किसानों के लिए खुशखबरी है। 13 मार्च को देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा किसानों के बैंक खातों में योजना की 22वीं किस्त जारी की जाएगी। इस अवसर पर जिले में भी “पीएम किसान उत्सव दिवस” के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में बड़ी संख्या में किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। अनुविभाग डिंडौरी में 58,777 किसान, अनुविभाग शहपुरा में 45,667 किसान और अनुविभाग बजाग में 26,244 किसान इस योजना के पात्र हैं। इस प्रकार जिले के कुल 1,30,688 किसानों को योजना की 22वीं किस्त का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भू-संसाधन प्रबंधन विभाग द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किसानों और आमजन के लिए बड़ी स्क्रीन व प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया जाएगा। कार्यक्रम के बेहतर संचालन के लिए ग्राम स्तर पर पटवारियों को विलेज नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
इस दौरान किसानों को तकनीकी प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी जाएगी। उन्हें ई-केवाईसी प्रक्रिया, पीएम किसान मोबाइल ऐप के उपयोग, सीएससी केंद्रों के माध्यम से बैंक खाते की लिंकिंग, आधार-बैंक खाते को लिंक कराने तथा पीएम किसान पोर्टल पर किस्त की स्थिति देखने की जानकारी दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से भी बैंक लिंकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।




