— मेहनत और लगन की मिसाल: डिंडौरी की चमन ने MPPSC परीक्षा में ग्रंथपाल पद हासिल किया
डिंडौरी। आदिवासी जिले डिंडौरी की खनूजा कॉलोनी की बेटी चमन धुर्वे ने MPPSC वर्ष 2022 की परीक्षा में ग्रंथपाल पद पर चयन पाकर जिले का नाम रोशन किया। यह सफलता जिलेवासियों के लिए गर्व और खुशी का पल लेकर आई है। मिली जानकारी के मुताबिक चमन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर और उत्कृष्ट विद्यालय, डिंडौरी से पूरी की। इसके बाद उन्होंने RDVV, जबलपुर से बी.लिव और एम.लिव की पढ़ाई की। कठिन मेहनत और लगन के बल पर चमन ने MPPSC की तैयारी में जुटकर यह अहम मुकाम हासिल किया।
चमन के पिता डी.सी. धुर्वे, बजाग जनपद में अकाउंट ऑफिसर हैं, और मां गृहिणी हैं। उनके परिवार में एक बड़ी बहन जो पीएचडी कर चुकी हैं और छोटा भाई जो एमबीए कर रहा है। जैसे ही जिलेवासियों को इस सफलता की खबर मिली, सोशल मीडिया पर बधाईयों का दौर शुरू हो गया। हर कोई चमन की मेहनत और उपलब्धि की सराहना कर रहा है। चमन धुर्वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे डिंडौरी जिले की हर उस लड़की के लिए प्रेरणा हैं, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए कठिन परिश्रम कर रही है।




