— डिंडौरी में भाजपा का दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान, संगठन मजबूती और वैचारिक सशक्तिकरण पर जोर
डिंडौरी। भारतीय जनता पार्टी जिला डिंडौरी द्वारा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अपेक्षित श्रेणी के समस्त पदाधिकारियों का पंजीयन कर तिलक वंदन एवं अंगवस्त्र पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं माँ भारती के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद जिला मंत्री सपना जैन ने वर्ग गीत का संचालन किया और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने स्वागत उद्बोधन में प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि यह अभियान बूथ स्तर से प्रारंभ होकर मंडल और जिला स्तर तक चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक एवं जिला महामंत्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने प्रशिक्षण अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए इसे संगठन की दीर्घकालीन मजबूती का आधार बताया।
जिला उपाध्यक्ष संतोष साहू ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी, वहीं जिला उपाध्यक्ष जयसिंह राजपूत ने नवाचार के विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया। संपूर्ण प्रशिक्षण पंडित दीनदयाल उपाध्याय की परिकल्पना के अनुरूप आयोजित किया गया।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण संगठन की सतत प्रक्रिया है, जो प्रत्येक चरण में आवश्यक होती है। इससे नए कार्यकर्ताओं को संगठन के इतिहास, विचारधारा और कार्यपद्धति की गहन जानकारी मिलती है, जिससे वे लंबे समय तक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
समापन सत्र में जिला प्रभारी कमल प्रताप सिंह ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षार्थियों ने अनुशासन और शालीनता के साथ सहभागिता की तथा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के कार्यकर्ता के रूप में तीन चरणों में प्राप्त ज्ञान वास्तव में सारगर्भित और प्रेरणादायक रहा। मंच संचालन जिला महामंत्री सुधीर दत्त तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष महेश धूमकेती ने किया।
कार्यशाला में अजजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम, जिला प्रभारी कमल प्रताप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, कार्यक्रम संयोजक लक्ष्मण सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष संतोष साहू, जयसिंह राजपूत, इंद्रावती धुर्वे सहित समस्त जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल टोली के कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।



