Dindori News : विज्ञान के रंग में रंगा हाई स्कूल मुड़की, उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

मुड़की के बच्चों ने दिखाया विज्ञान का कमाल, मॉडल और प्रदर्शनी ने जीता दिल

डिंडौरी। हाई स्कूल मुड़की में आज शनिवार राष्ट्रीय विज्ञान दिवस बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आकांक्षी विकास खंड बजाग, नीति आयोग से जुड़े डॉ. विकास जैन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रदर्शनी, वैज्ञानिक क्विज, विज्ञान रंगोली, विज्ञान चित्रकला एवं विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल परिसर विज्ञानमय वातावरण से सराबोर नजर आया।

 

संस्था की प्राचार्य सुनीता नामदेव ने नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक सी.वी. रमन के जीवन और उनकी महत्वपूर्ण खोज “रमन प्रभाव” की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह खोज भारतीय विज्ञान के इतिहास में मील का पत्थर है और इसी के सम्मान में प्रतिवर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है।

 

मुख्य अतिथि डॉ. विकास जैन ने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का दौर विज्ञान और तकनीक का है, ऐसे में छात्र यदि लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें तो विज्ञान के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने सर सी.वी. रमन के व्यक्तित्व और संघर्षपूर्ण जीवन पर भी प्रकाश डाला।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में विज्ञान शिक्षक मोहम्मद शकील मंसूरी की विशेष भूमिका रही। आयोजन में विद्यालय के शिक्षक श्रीमती लक्ष्मी सैयाम, माया धुर्वे, अभिलाषा साहू एवं दिनेश नीरिया सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्रों को प्रोत्साहित किया गया और विज्ञान को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *