— रफ्तार बनी काल,मायके जा रही महिला की मौके पर मौत, तीन जिंदगी अस्पताल में जूझ रहीं
मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में सड़क हादसों का सिलसिला इन दिनों थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को जबलपुर—अमरकंटक हाईवे पर एक तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आरती नेताम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दो वर्षीय पुत्र, चाचा और दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, आरती नेताम अपने चाचा और छोटे बेटे को गोद में लेकर मायके जा रही थीं। यह घटना गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहतरा गांव स्थित पत्थरकुचा तिराहा के पास हुई। तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को सीधे टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। उसी समय पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी हादसे की चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय, डिंडौरी में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर है और उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी। गाड़ासरई थाना पुलिस ने मामले में मालवाहक वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
