डिंडौरी। जिले के गाड़ासरई क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नाली निर्माण न होने से गंभीर जनसमस्या उत्पन्न हो गई है। घरों और दुकानों का गंदा पानी सीधे मुख्य सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और फिसलन की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस समस्या से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और नर्मदा परिक्रमा वासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर लगातार बह रहे गंदे पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं बढ़ गई हैं, वहीं संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
निवासियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सड़क का निर्माण तो कराया गया, लेकिन नाली निर्माण को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। इस संबंध में स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायतें की गईं, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस लापरवाही को लेकर क्षेत्र की महिलाओं में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। मजबूर होकर गाड़ासरई क्षेत्र के नागरिकों ने जिला मुख्यालय डिंडौरी पहुंचकर माननीय कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि गाड़ासरई क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर पक्की नाली का निर्माण कराया जाए, सड़क पर बह रहे गंदे पानी की तत्काल निकासी सुनिश्चित की जाए तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की लापरवाही की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।




