Dindori News : ग्रामीणों की आवाज़ पुलिस तक पहुँचेगी! बजाग में शुरू हो रही चौपालें, जानिए कब आएगा आपका गाँव….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। ग्रामीण अंचलों में लगातार बढ़ रही वाहन दुर्घटनाओं, सायबर ठगी की घटनाओं, यातायात नियमों के उल्लंघन, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से थाना बजाग, जिला डिण्डौरी अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में दिवसवार ग्राम चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है।

थाना प्रभारी बजाग द्वारा इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बजाग को पत्र प्रेषित कर जानकारी देते हुए आवश्यक सहयोग एवं कार्यवाही का अनुरोध किया गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं ग्राम पंचायत स्तर पर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे तथा जनसमस्याओं को सुनकर मौके पर ही निराकरण का प्रयास करेंगे।

ग्राम चौपाल कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, वार्ड पंच, ग्राम सचिव, रोजगार सहायक एवं मोबेलाइजर की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों को सायबर अपराधों से बचाव, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों तथा पुलिस से संबंधित प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

थाना प्रभारी ने बताया कि ग्राम चौपालों के आयोजन से पुलिस एवं आमजन के बीच समन्वय मजबूत होगा, जिससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनविश्वास में भी वृद्धि होगी। ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा, जिससे शिकायतों का समयबद्ध समाधान संभव हो सकेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत 27 जनवरी 2026 को ग्राम बजाग रैयत से की जाएगी, जो 20 फरवरी 2026 तक थाना बजाग क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में क्रमवार आयोजित की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार पड़रिया डोंगरी, बिलाईखार, आमाडोंगरी, सिंगपुर, सरवाही, जल्दा-बौना, बिजौरा, दुल्लोपुर, चांड़ा, धुरकुड़ा, सिलपिड़ी, ठाड़पथरा, पंडरीपानी, सैलवार, अंगई, सारंगपुरी, तरच-भुरसी, भानपुर, मिढ़ली, चकरार, खम्हेरा, पिपरिया, सिंगारसत्ती एवं बरथना-त्रिछुला ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाएगा। पुलिस विभाग ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम स्तरीय अधिकारियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाएं एवं अधिक से अधिक ग्रामीणों को चौपाल में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *