डिंडौरी। जिले के करंजिया विकासखंड मुख्यालय में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। विगत दिनों शिक्षक अशोक साहू के आवास में चोरों ने लगभग 10 से 12 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया था, लेकिन पुलिस आज तक इस मामले का खुलासा नहीं कर सकी।
इसी बीच आज दिन रविवार को दिनदहाड़े एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब शिक्षक इंद्रपाल वर्मा के घर चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों रुपये की चोरी कर ली। घटना की सूचना तत्काल 112 डायल पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई है।
गौरतलब है कि करंजिया क्षेत्र में बीते कुछ वर्षों के दौरान 20 से 25 शासकीय कर्मचारियों व शिक्षकों के घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले में अब तक ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इससे क्षेत्र के लोगों, विशेषकर शिक्षकों में भारी रोष और भय का माहौल व्याप्त है।

शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने डिंडौरी कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र चोरों का पता लगाया जाए और कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने करंजिया क्षेत्र में बढ़ती दहशत को देखते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और पुलिस प्रशासन को और अधिक सतर्क रहने की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और आमजन सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।




