डिंडौरी। जिला मुख्यालय डिंडौरी में गणतंत्र दिवस समारोह एवं भारत पर्व के आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं हर्षोल्लासपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया द्वारा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जारी आदेश के अनुसार जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस समारोह के संपूर्ण आयोजन हेतु अपर कलेक्टर जे.पी. यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि भारत पर्व के समस्त आयोजनों की जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी को सौंपी गई है।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सभी जिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस एवं भारत पर्व कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर कार्यक्रमों को पूर्ण गरिमा, उत्साह एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डिंडौरी, वनमंडलाधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, समस्त कार्यालय प्रमुख, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व, पुलिस एवं वन), मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद डिंडौरी, जिला जनसंपर्क अधिकारी, रक्षित निरीक्षक सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस एवं भारत पर्व को जनभागीदारी के साथ उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाने की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस अवसर पर आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




