मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (भाप्रसे) अधिकारियों के स्थानांतरण एवं प्रभार संबंधी आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार भाप्रसे अधिकारी साकेत मालवीय (2014 बैच) को आगामी आदेश तक अस्थाई रूप से कलेक्टर, जिला अशोकनगर के पद पर स्थानापन्न पदस्थ किया गया है। वे वर्तमान में संचालक, कर्मचारी चयन मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल के पद पर कार्यरत थे।
इसी क्रम में आदित्य सिंह (2014 बैच), जो अब तक कलेक्टर, जिला अशोकनगर के पद पर पदस्थ थे, को अस्थाई रूप से संचालक, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास, भोपाल के पद पर पदस्थ किया गया है। इस पद के समकक्ष उन्हें उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन का संवर्गीय पद घोषित किया गया है।

वहीं, भाप्रसे अधिकारी अजय कटेसरिया (2012 बैच), जो वर्तमान में अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग के पद पर कार्यरत हैं, को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ संचालक, कर्मचारी चयन मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार भी आगामी आदेश तक सौंपा गया है। बता दें कि यह आदेश मुख्य सचिव अनुराग जैन द्वारा मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।
