Breaking News : उड़न दस्ते का डिंडौरी में ताबड़तोड़ छापा ! सात्विक भोग–यम्स कप कैफे सील, नर्मदा राइस मिल का लाइसेंस किया सस्पेंड…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा उड़न दस्ता एवं भोपाल–डिंडौरी की संयुक्त फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने सोमवार को डिंडौरी शहर में संचालित सात्विक भोग रेस्टोरेंट और यम्स कप कैफे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच में पाया गया कि दोनों रेस्टोरेंट की रसोई में अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार किया जा रहा था। खाद्य सामग्री का भंडारण मानकों के अनुरूप नहीं था। फर्श एवं दीवारें टूटे-फूटे होने के साथ गंदगी से भरी पाई गईं। कई खाद्य पदार्थ मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार ऐसी परिस्थितियों में भोजन तैयार किए जाने से गंभीर संक्रामक बीमारियों के फैलने की संभावना रहती है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सात्विक भोग रेस्टोरेंट एवं यम्स कप कैफे का लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

इसी क्रम में कोहका स्थित नर्मदा राइस मिल (प्रोपराइटर रिचा राजपाल) का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मिल परिसर में भारी गंदगी पाई गई। फोर्टिफिकेशन हेतु रखी गई (एफआरके) फोर्टीफाइड राइस कर्नल की बोरियां लापरवाहीपूर्वक रखी मिलीं, जिन पर पक्षियों के मल पाए गए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत आवश्यक दस्तावेजों का अभाव भी पाया गया।

अभिहित अधिकारी  मनोज पांडे द्वारा नर्मदा राइस मिल का खाद्य लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। खाद्य प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कमियों को दूर कर निर्धारित मानकों का पालन होने तक खाद्य सेवाएं संचालित नहीं की जाएंगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री देवेंद्र दुबे, मोहम्मद वाजिद अली, बृजेश विश्वकर्मा एवं प्रभा सिंह टेकाम (जिला डिंडौरी) उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *