Dindori News : आस्था को मिला सम्मान, डिंडौरी से 200 तीर्थयात्री सोमनाथ दर्शन के लिए रवाना….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत डिंडौरी जिले के चयनित 200 तीर्थयात्री बुधवार को सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुए। रवानगी से पूर्व कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में सभी तीर्थयात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर से तीर्थयात्रियों की बस को जनप्रतिनिधियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता सारस, जनपद अध्यक्ष आशा सिंह, जिला पंचायत सदस्य हीरा परस्ते, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, सारिका नायक, सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र राजपूत, पवन शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने तीर्थयात्रियों से संवाद कर उनकी यात्रा को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय होने की शुभकामनाएं दीं।

जिला प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों को फूल-माला, नारियल, शॉल एवं दवा किट भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। नोडल अधिकारी श्री वासनिक ने बताया कि तीर्थयात्रियों को बस से शहडोल रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया गया है, जहां से वे रेल मार्ग द्वारा 21 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक सोमनाथ तीर्थ यात्रा करेंगे।

उल्लेखनीय है कि जिले के सात विकासखंडों एवं दो नगरीय निकाय क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों में से शासन की रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के तहत 132 पुरुष एवं 68 महिला, कुल 200 पात्र तीर्थयात्रियों का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से बुजुर्ग एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं को निःशुल्क तीर्थ दर्शन का लाभ मिल रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *