Dindori News : प्रशासन की मानवीय पहल ! गरीब परिवार की बेटी को मिला सहारा, शासन ने एयर एम्बुलेंस से भेजा एम्स भोपाल…..

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन की संवेदनशील पहल और डिंडौरी जिला प्रशासन के त्वरित प्रयासों से ग्राम पिपरिया निवासी 25 वर्षीय कुमारी कीर्ति चंदेल को बेहतर उपचार के लिए एयर एम्बुलेंस से एम्स भोपाल भेजा गया। गंभीर बीमारी से जूझ रही कीर्ति के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महंगे इलाज की व्यवस्था करना संभव नहीं हो पा रहा था।

परिजनों के अनुसार, दो माह पूर्व रायपुर मेडिकल कॉलेज में कीर्ति के कमर के ट्यूमर की सर्जरी कराई गई थी, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर उन्हें मंगलवार को जिला चिकित्सालय डिंडौरी के आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया। मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय अधिकारी श्री मनोज पांडे ने तत्काल कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया को अवगत कराया।

कलेक्टर भदोरिया ने मामले की गंभीरता को समझते हुए शासन एवं उच्च अधिकारियों से समन्वय किया, जिसके पश्चात केंद्र सरकार की ‘पीएम श्री’ योजना के अंतर्गत एयर एम्बुलेंस की सुविधा स्वीकृत की गई। रवाना करने से पहले कलेक्टर स्वयं एयर एम्बुलेंस में पहुंचीं, मरीज से बातचीत कर उन्हें हौसला दिया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर सीधे संपर्क के लिए अपना निजी मोबाइल नंबर भी साझा किया।

एयर एम्बुलेंस का संचालन पायलट कैप्टन जे.एस. चौहान और कैप्टन संजय कुमार शर्मा द्वारा किया गया। उड़ान के दौरान मरीज के साथ एक परिजन एवं चिकित्सक पंकज मौजूद रहे। इस अवसर पर एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, जिला चिकित्सालय अधिकारी मनोज पांडे, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार, तहसीलदार शशांक, यातायात प्रभारी सुभाष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले के नागरिकों ने शासन और प्रशासन की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कुमारी कीर्ति चंदेल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *