Breaking News Dindori : जल जीवन मिशन में ताबड़तोड़ कार्रवाई! ठेका समाप्त, नोटिस जारी, 80 योजनाओं का अल्टीमेटम….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन अंतर्गत दिसंबर माह में पूर्णता हेतु लक्षित 99 नल-जल योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 99 ग्रामों में से स्रोत के अभाव के कारण 11 ग्रामों को छोड़कर शेष 88 ग्रामों की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें 41 योजनाओं के पूर्ण होने की जानकारी दी गई।

लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने कारणों की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा खेतों में फसल खड़ी होने के कारण कार्य प्रभावित होना बताया गया। इस पर कलेक्टर ने फसल से प्रभावित योजनाओं की विस्तृत सूची प्रस्तुत करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिए।

कलेक्टर ने जनवरी माह में न्यूनतम 80 नल-जल योजनाएं पूर्ण कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। विकासखंड करंजिया में स्रोत के अभाव वाले ग्रामों में नलकूप खनन को प्राथमिकता देने के लिए कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मैकेनिकल, जबलपुर को शीघ्र सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

विकासखंड शहपुरा के ग्राम बस्तरा में विद्युत वोल्टेज समस्या के कारण अपूर्ण योजना को लेकर विद्युत विभाग को पत्राचार कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं विकासखंड मेंहदवानी के ग्राम खमरिया मॉल में संविदाकार अनिल तिवारी की धीमी प्रगति पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मेसर्स आर.के. गुप्ता को आवंटित ग्रामों में कार्य प्रगति अत्यंत असंतोषजनक पाए जाने पर उनका अनुबंध समाप्त करने की कार्यवाही के निर्देश दिए गए। साथ ही मैकेनिकल संकाय को आवंटित अपूर्ण नल-जल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने सभी निरीक्षणकर्ता अधिकारियों को सतत निगरानी रखते हुए समय-सीमा में योजनाएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री अफजल अमानुल्लाह सहित सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं निरीक्षणकर्ता अधिकारी प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *