डिंडौरी। मध्य प्रदेश बैंक मित्र संगठन, जिला डिंडोरी का वार्षिक सम्मेलन 4 जनवरी 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री जनधन योजना के खाता धारकों और बैंक मित्रों के साथ हो रहे भेदभाव का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि विधायक ओंकार सिंह मरकाम और विशेष अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के.के. शर्मा (जिला शहडोल) उपस्थित रहे। जिले के विभिन्न बैंकों से जुड़े बैंक मित्र एवं बैंक सखी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जिला अध्यक्ष दीनदयाल डेहरिया ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि सरकार और बैंक जनधन खाता धारकों और बैंक मित्रों के साथ लगातार भेदभाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जनधन खातों के व्यापक अभियान में बैंक मित्रों की मेहनत से देश ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान बनाया, लेकिन आज वही बैंक मित्र अपने अधिकारों और उचित पारिश्रमिक के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
डेहरिया ने बताया कि बैंकों के साथ कार्यरत कंपनियां मनमाने ढंग से भुगतान में कटौती कर रही हैं, जिससे बैंक मित्रों की आय लगातार घट रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जनधन योजना के अंतर्गत खाता धारकों को अक्सर “सर्वर नहीं है”, “कल आइए” अथवा “साहब छुट्टी पर हैं” जैसे बहानों से सेवा से वंचित किया जाता है, जो गरीब एवं जनहितैषी योजना की भावना के विपरीत है।
जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि आगामी दो माह के भीतर रिजर्व बैंक और संबंधित बैंकों से संतोषजनक समाधान नहीं मिला, तो संगठन द्वारा रिजर्व बैंक के समक्ष बड़े आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
मुख्य अतिथि विधायक ओंकार सिंह मरकाम ने बैंक मित्रों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि वे इस विषय को सदन में उठाएंगे और संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर बैंक मित्रों के हित में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
सम्मेलन में जिलेभर से लगभग 100 बैंक मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देवराज कछवाहा, आनंद सिंह, कुंजन, महेंद्र सिंह साहू, कमलेश झरिया, सरोज झरिया, अनिल राय, दिनेश सारीवान, प्रमोद बर्मन, संगीता गवले, जगन्नाथ प्रसाद ठाकुर, प्रवीण वनवासी सहित अनेक बैंक मित्र और पदाधिकारी शामिल हुए।




