लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने माध्यमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2024 के तहत चयनित अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज अपलोड से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। जारी सूचना के अनुसार, कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित माध्यमिक शिक्षक (विषय, खेल, गायन-वादन) तथा प्राथमिक शिक्षक (खेल, गायन-वादन, नृत्य) चयन परीक्षा 2024 के परिणाम के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज अपलोड करने की अंतिम तिथि पहले 29 दिसंबर 2025 निर्धारित थी। अब चयन सूची में शेष अभ्यर्थियों को राहत देते हुए दस्तावेज अपलोड की समय-सीमा बढ़ाकर 10 जनवरी 2026 कर दी गई है।
लोक शिक्षण संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी सूचना के अनुसार 2 जनवरी 2026 को होने वाली दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया अब नहीं होगी। दस्तावेज अपलोड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेज सत्यापन की नई तिथि अलग से घोषित की जाएगी। विभाग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से एमपी ऑनलाइन पोर्टल trc.mponline.gov.in पर नजर बनाए रखें।
