डिंडौरी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा एक नई स्मार्ट पहल की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत ग्रामीण इलाकों एवं शासकीय भवनों में बने शौचालयों की साफ-सफाई के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
नई तकनीक के अंतर्गत “स्मार्ट क्लीनिंग – वास ऑन व्हील्स” के माध्यम से शौचालयों की सफाई की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक जनपद पंचायत स्तर पर सफाई कर्मियों की नियुक्ति की गई है, जो आधुनिक सफाई उपकरणों और किट्स के साथ सेवाएं प्रदान करेंगे। नागरिक ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित शुल्क के अनुसार शौचालयों की सफाई करा सकेंगे।
जनपद पंचायत अमरपुर में योजना का शुभारंभ करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश नारनोरे ने सफाई कर्मियों को वास ऑन व्हील्स सफाई किट्स प्रदान कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में स्वच्छता ब्लॉक समन्वयक योगेंद्र बरकड़े सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच मौजूद रहे। इस नई व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा और स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।




