डिंडौरी। जिले की कलेक्टर भदौरिया ने शुक्रवार 26 दिसंबर 2025 को शासकीय जिला चिकित्सालय डिंडौरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य आम जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था। इस दौरान जिला समन्वयक आयुष्मान भारत गौरव सिंह ठाकुर एवं आयुष्मान सहायक नितिन कुमार मार्को अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए।
कलेक्टर के निरीक्षण के समय आयुष्मान कार्ड बनवाने पहुंचे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। काउंटर पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण हितग्राहियों को वापस लौटना पड़ा, जिस पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इसे शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही, उदासीनता एवं गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताते हुए गंभीर अनुशासनहीनता माना।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों का यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के अंतर्गत कार्रवाई योग्य है। आदेशानुसार दोनों अधिकारियों को अनधिकृत अनुपस्थिति के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में उनकी अनुपस्थिति अवधि का वेतन काटा जा सकता है और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि गौरव सिंह ठाकुर एवं नितिन कुमार मार्को 29 दिसंबर 2025 को सायं 6 बजे तक अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष उपस्थित होकर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर विभागीय नियमों के तहत एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को यह भी निर्देश दिए कि भविष्य में आयुष्मान योजना से जुड़े सभी काउंटर नियमित रूप से संचालित किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंच सके।




