Dindori Ratri Choupal : ग्राम पंचायत कारीगढ़ हरी में रात्रि चौपाल, 15 दिन में पेयजल व्यवस्था होगी दुरुस्त…

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

डिंडौरी। मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत विकासखंड शहपुरा की ग्राम पंचायत कारीगढ़ हरी में जिला प्रशासन द्वारा रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में कलेक्टर डिंडौरी अंजू पवन भदोरिया ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल में जनपद अध्यक्ष शहपुरा प्रियंका आमों, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, डिप्टी कलेक्टर बैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। चौपाल को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गांव की वास्तविक समस्याओं को समझकर मौके पर ही समाधान करना है। प्रशासन और ग्रामीण मिलकर विकास की दिशा तय करेंगे।

— ग्रामीणों की प्रमुख मांगें

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में उचित मूल्य दुकान खोलने, सिल्की नदी के किनारे विद्युत खंभे लगाने, एक टोला से दूसरे टोले तक सड़क निर्माण और पीने के पानी की गंभीर समस्या का मुद्दा उठाया। गांव की दीदियों एवं स्कूल की रसोइयों ने बताया कि उन्हें लगभग एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता है। हैंडपंप लगे होने के बावजूद पानी नहीं निकलने की जानकारी पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग को 15 दिवस के भीतर सर्वे कर जल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

— विभागीय निर्देश

कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान के लिए जिला खाद्य अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने, नदी किनारे विद्युत व्यवस्था हेतु विद्युत विभाग को सर्वे करने और प्रधानमंत्री सोलर पंप योजना के अंतर्गत किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप लगाने के निर्देश दिए। योजना को सरल बनाने के लिए 26 दिसंबर 2025 को पंचायत भवन में किसानों के दस्तावेज तैयार कराने हेतु पटवारी सचिन एवं रोजगार सहायक को निर्देशित किया गया।

— बच्चों और महिलाओं से संवाद

चौपाल में कलेक्टर ने बच्चों को बिस्कुट एवं चॉकलेट वितरित कर उनसे स्कूल, आंगनबाड़ी, पढ़ाई और पोषण आहार के संबंध में चर्चा की। बच्चों ने आत्मविश्वास से जवाब दिए। साथ ही शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और पटवारी के कार्यों की भी जानकारी ली गई।

— स्व-सहायता समूहों की पहल

स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने टेंट संचालन एवं बकरी पालन जैसे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की योजनाओं से उनकी आय में वृद्धि हुई है और वे अपने परिवार व बच्चों की शिक्षा पर बेहतर ध्यान दे पा रही हैं।

— जागरूकता कार्यक्रम

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कठपुतली के माध्यम से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को बाल विवाह कानून की जानकारी दी गई तथा शपथ दिलाई गई कि लड़की की शादी 18 वर्ष और लड़के की शादी 21 वर्ष से पहले नहीं करेंगे और गांव को स्वच्छ रखेंगे।

— समापन

अंत में कलेक्टर ने कहा कि सभी समस्याएं नोट कर ली गई हैं। कुछ का समाधान मौके पर किया गया है, शेष का निराकरण शीघ्र किया जाएगा। ग्रामीणों ने रात्रि चौपाल को सरकार की सराहनीय पहल बताते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *