डिंडौरी। कलेक्टर भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी सहित सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने समय-सीमा प्रकरणों एवं सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में जिले द्वारा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में 85 प्रतिशत से अधिक निराकरण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया है, जिससे प्रदेश स्तर पर डिंडौरी छठवें स्थान पर रहा। इस उपलब्धि पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में न्यूट्रीशियन इंटरनेशनल के संभागीय समन्वयक द्वारा एनीमिया की रोकथाम एवं पोषणयुक्त खाद्य सामग्री के संबंध में प्रस्तुति दी गई। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग को निर्देश दिए कि एनीमिया के लक्षण, बचाव एवं पूर्ति से संबंधित जागरूकता हेतु स्कूलों, छात्रावासों, आश्रमों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में बैनर लगाए जाएं।
कलेक्टर ने सीपी ग्राम एवं पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता की स्थिति, स्कूलों में शौचालयों की साफ-सफाई, नगरीय निर्माण कार्यों की प्रगति, धान एवं कोदो-कुटकी उपार्जन, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं नरवाई प्रबंधन की भी समीक्षा की गई।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया, परख एप्लीकेशन के माध्यम से उपस्थिति, स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति, छात्रावास एवं आश्रमों में विद्यार्थियों की सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को बटवारा, सीमांकन, नामांतरण, फौतीनामा, ई-केवायसी एवं राजस्व वसूली जैसे मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उद्योग विभाग को जिले में संचालित सफल उद्योगों एवं उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत इकाइयों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि सफल इकाइयों का भ्रमण कर उनकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा सके। इसके साथ ही 27 दिसंबर 2025 को अमरपुर विकासखंड में आयोजित होने वाले जनकल्याणकारी स्वास्थ्य एवं स्वरोजगार शिविर में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई। बैठक के अंत में कलेक्टर ने अवैध खनिज उत्खनन पर सख्त कार्रवाई, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




